पनियरा क्षेत्र के चंदनचाफी वनटांगिया बरहवां में आग लगने से जला सामान।संवाद
आसपास के लोगों ने दो घंटे बाद आग पर काबू पाया
संवाद न्यूज एजेंसी
पनियरा। थाना क्षेत्र के चंदन चाफी वन टांगिया बरहवां में बृहस्पतिवार की देर रात गैस सिलिंडर से भोजन बनाते वक्त आग लगने से साइकिल की दुकान में आग लग गई। आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत कर दो घंटे में आग पर काबू पा लिया।
जानकारी के अनुसार, चंदन चाफी वनटांगिया बरहवां निवासी सुरेंद्र चौधरी की गांव में साइकिल की दुकान और गोदाम है। बृहस्पतिवार की रात में उनकी पत्नी गैस सिलिंडर पर भोजन बना रही थीं इसी दौरान सिलिंडर का पाइप लीक हो गया और साइकिल की दुकान में आग लग गई। दुकान में टायर व ट्यूब रखे होने की वजह से आग ने विकराल रूप ले लिया।
दुकानदार के शोर मचाने पर आसपास के लोग आ गए। कड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने आग पर काबू पाया। एसडीएम सदर मोहम्मद जसीम ने बताया कि राजस्व कर्मियों को मौके पर भेजकर आग से हुए नुकसान की जांच कराई जाएगी। पीड़ित दुकानदार को आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।