महराजगंज। दिसंबर माह के आखिरी दिनों में ठंड का बढ़ता ग्राफ जनजीवन को प्रभावित करने लगा है। घने कोहरे और बादलों के कारण दृश्यता का ग्राफ कम होने लगा है।
वहीं 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही पुरवा हवा मानो लोगों से बदला ले रही है। बर्फीली हवाओं के कारण सोमवार को न्यूनतम तापमान पिछले दिन की अपेक्षा चार पायदान नीचे रहा और आठ डिग्री सेंटीग्रेड रिकार्ड किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 19-20 के मध्य रहा।
सोमवार से ठंड बढ़ने के बाद सड़कों पर चहल-पहल बहुत कम रही। सड़क पर आने-जाने वाले स्वेटर, जैकेट, मफलर, टोपी और शाॅल से लैस होने के बाद भी कांपते दिखे। सर्वाधिक असुविधा छोटे बच्चों को स्कूली बच्चों को हुई।
ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने पूरे दिन अलाव के पास रहकर गुजारा वहीं शहरी इलाकों के घरों में भी कोयला जलाकर अलाव का लोग प्रबंध करते दिखे। बढ़ी ठंड के कारण छोटे बच्चों और बुजुर्गों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। सरकारी, गैरसरकारी दफ्तरों और बैंक में कामकाज जरूर हुआ, लेकिन विशेष भीड़भाड़ नहीं दिखी।