नौतनवा। तहसील सभागार में बुधवार को एसडीएम नवीन प्रसाद, तहसीलदार कर्ण सिंह एवं नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव ने कानूनगो व लेखपालों के साथ बैठक की। इसमें विभिन्न शासकीय कार्यों की समीक्षा में कार्य की गति धीमी पाए जाने पर तहसीलदार कर्ण सिंह ने नाराजगी व्यक्त कर लेखपालों की जमकर फटकार लगाई।
अधिकारियों ने बताया कि एग्रीस्टैक, ड्रोन सर्वे, फॉर्मर रजिस्ट्री, मैपिंग, अंश निर्धारण शीर्ष प्राथमिकता में शामिल है। इन कार्यों के संपादन की जिम्मेदारी लेखपालों को सौंपी गई है। प्रत्येक लेखपालों के विचाराधीन कार्यों की समीक्षा की गई तो उसकी यथास्थिति बहुत ही सुस्त एवं असंतोषजनक मिली है। लेखपालों को चेतावनी देने के साथ ही जल्द ही इन कार्यों में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर संबंधित की जवाबदेही तय करते हुए विधिक विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इस दौरान कानूनगो सुरेंद्र चौरसिया, कैतवा अहमद, लेखपाल रमेश गुप्ता, कृष्ण गोपाल, दीपेंद्र धवल, विक्की साहनी, राहुल शर्मा, मंजूर आदि मौजूद रहे।