महराजगंज। महराजगंज क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से 16 नवंबर से स्व. कोमल साहनी मंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसमें जनपद के आठ टीमों के अलावा गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, संत कबीरनगर एवं कुशीनगर की टीम में शामिल होंगी। जनपदीय टीमों में सिर्फ वही टीमें प्रतिभा कर सकेंगी जो महराजगंज क्रिकेट एसोसिएशन से संबद्ध हैं। इनमें फरेंदा, नौतनवा, सोनौली, बृजमनगंज, निचलौल एवं स्थानीय महराजगंज की टीमें संबद्ध हो चुकी हैं। यह जानकारी महराजगंज क्रिकेट एसोसिएशन के नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष डॉ. डीके साहनी ने दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में सभी टीमों को निशुल्क प्रवेश दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के विजेता टीम को नकद 10000 रुपये एवं कोमल साहनी ट्रॉफी दी जाएगी। जबकि, उपविजेता टीम को 5000 रुपये नकद एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त सेमीफाइनल मैच के मैन ऑफ द मैच, बेस्ट बॉलर, बेस्ट बैट्समेन एवं मैन ऑफ द सीरीज को भी पुरस्कृत किया जाएगा।
महराजगंज क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव विंध्यवासिनी सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता नॉकआउट के आधार पर 20-20 ओवर की होगी जो अंतरराष्ट्रीय नियमों के आधार पर खेली जाएगी। सभी टीमों को सफेद किट एवं अपने पूरे खेल सामग्री के साथ समय पर उपस्थित होना होगा। समय पर उपस्थित न होने वाली टीम के खिलाफ वाॅक–ओवर दे दिया जाएगा। सहायक सचिव अतुल मणि त्रिपाठी को बनाया गया है। जबकि करीम खान को आयोजन सचिव एवं आशुतोष श्रीवास्तव को आयोजन सहायक सचिव नामित किया गया है। प्रवेश की अंतिम तिथि 14 नवंबर सुबह 10 बजे तक है।