महराजगंज। एनसीईआरटी की पुस्तकों से शिक्षण कार्य में कोई परेशानी न हो इसके लिए बीते दिनों माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों को पांच दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में गणित और विज्ञान विषय पर अधिक फोकस था क्योंकि इन विषयों को विद्यार्थियों के लिए रुचिकर बनाना विभाग का लक्ष्य है। अब प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके शिक्षकों की एक टीम बनाने की तैयारी चल रही है जो स्कूलों में जाकर यह जानने का प्रयास करेंगे कि शिक्षकों के समझाने और विद्यार्थियों के समझने में कोई कमी तो नहीं रहा जा रही है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से कक्षा नौ व 10 के छात्रों के लिए कार्ययोजना बनाई गई है। वर्तमान शैक्षिक सत्र में इसकी जिम्मेदारी राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान को सौंपी गई है। माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को इन विषयों में ज्यादा परेशानी होती है। मुश्किल लगने पर जटिल विषयों को छोड़कर छात्र अन्य विषयों पर अधिक ध्यान देने लगते हैं। नतीजा यह होता है कि उस विषय में विद्यार्थी की पकड़ धीरे-धीरे कमजोर हो जाती है। महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान को छात्रों को ऐसी समस्याओं के समाधान के लिए कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया है। विज्ञान शिक्षा संस्थान जनपद में शिक्षकों की एक टीम तय करेगा जिन्हें पूर्व में प्रशिक्षित किया जा चुका है। यह टीम विभिन्न स्कूलों में जाकर पठन पाठन में आ रही परेशानियों को दूर करेगी।
यूपी बोर्ड के स्कूलों में राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान, प्रशिक्षण परिषद की किताबें संचालित कर दी गई हैं। छात्र-छात्राओं की कठिनाई को दूर करने के लिए राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान के निर्देश पर उन शिक्षकों की एक टीम बनाई जाएगी जिन्हें गणित व विज्ञान का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। विज्ञान शिक्षा संस्थान से इस संदर्भ में शीघ्र आदेश आ सकते हैं।
-प्रदीप कुमार शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक