महराजगंज। जिले के परिषदीय विद्यालयों में अध्यनरत बच्चों की पढ़ाई को आसान और मनोरंजक बनाने के उद्देश्य से विभाग ने जिले को 39 लाख रुपये का बजट दिया है। इस धनराशि से स्कूली बच्चों के लिए अध्ययन सामग्री खरीदी जाएगी। शिक्षकों के लिए शिक्षण कार्य आसान होगा और बच्चों को सिखाने तथा सीखने में रुचि पैदा होगी।
बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि जिले में अध्ययनरत करीब दो लाख स्कूली बच्चो के लिए लगभग 39 लाख रुपये का बजट विभाग ने भेजा है। इस रकम से बच्चों के लिए शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) खरीदी जाएगी। सामग्री खरीद में पूरी तरह से पारदर्शिता बरती जाएगी। 20 रुपये प्रति बच्चे की दर से स्कूलों में शिक्षण अधिगम सामग्री खरीदने के लिए रकम आवंटित हुआ है। इस रकम से टीएलएम की सामग्री जैसे कार्डबोर्ड, चार्ट पेपर, स्केच पेन, गोद, कैंची, सुई, धागा, माचिस, रिबन, आइसक्रीम तिल्ली, डिस्पोजल गिलास, टेप, मारकर पेन, नक्शा, विभिन्न प्रकार के चार्ट जैसे सामग्री का खरीदी जाएगी। इन सभी सामग्रियों का रखरखाव विद्यालय स्तर पर किया जाएगा। जिसकी मॉनिटरिंग ब्लॉक और जिला स्तर से की जाएगी।
शिक्षण कार्य को प्रभावी तथा मनोरंजक बनाने के उद्देश्य से भारत निपुण योजना के अंतर्गत यह व्यवस्थाएं की जा रही है। शिक्षण सामग्री के अलावा स्कूल में अन्य सामग्री जैसे चाक, डस्टर या व्यक्तिगत उपयोग के समान नहीं खरीदे जा सकेंगे। अगर ऐसा पाया जाएगा तो दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इन सामग्रियों के आ जाने से बच्चों में सीखने को लेकर ललक पैदा होगी। बच्चों की पढ़ाई में मन लगेगा तथा शिक्षकों को पढ़ाने में आसानी होगी।