महराजगंज। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षकों को मिला टैबलेट बेमतलब साबित हो रहा है। शिक्षक इसका प्रयोग नहीं कर रहे हैं। शिक्षकों की मांग है कि इसके लिए सिम कार्ड उपलब्ध कराया जाए। शिक्षकों की रियल टाइम उपस्थिति समेत 12 रजिस्टर भी डिजिटल रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए गए, लेकिन शिक्षकों ने अब तक टैबलेट को ऑन तक नहीं किया है। प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से सिम उपलब्ध कराने की मांग की गई है। अगर सिम नहीं दिया गया और किसी शिक्षक पर कार्रवाई हुई तो संगठन आरपार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है।
जानकारी के अनुसार, उपस्थिति पंजिका, प्रवेश पंजिका, कक्षावार छात्र उपस्थिति पंजिका, एमडीएम पंजिका, स्टॉक पंजिका, निरीक्षण पंजिका, पत्र व्यवहार पंजिका, बाल गणना पंजिका, पुस्तकालय व खेलकूद पंजिका, आय-व्यय व चेक इश्यू पंजिका को भौतिक के साथ डिजिटल रूप से भी रियल टाइम अपडेट करना है। इसके लिए विद्यालयों को टैबलेट उपलब्ध कराए गए। अब विभाग की ओर से इस डाटा का विश्लेषण करने पर पता चला कि जिन विद्यालयों को टैबलेट दिए गए हैं, उसमें ऑन तक नहीं किया गया है। पंजिकाओं के डिजिटलाइजेशन की प्रगति भी काफी कम है।
प्राथमिक शिक्षक संघ के संयुक्त मंत्री अखिलेश पाठक ने बताया कि निर्देशों का अनुपालन करने के लिए शिक्षक तैयार हैं। डिजिटल व्यवस्था होने से शिक्षकों को ऐतराज नहीं है। निजी सिम का प्रयोग सरकारी काम के लिए करना ठीक नहीं है। अगर किसी शिक्षक का तबादला हो गया तो उसकी आईडी व सिम का उपयोग दूसरा कोई कैसे करेगा। यह निजता का उल्लंघन है।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष बैजनाथ सिंह ने बताया कि जैसे सरकारी विभागों में सीयूजी नंबर दिया जाता है। उसी तरह से प्रत्येक विद्यालय को सीयूजी नंबर उपलब्ध कराए। संगठन शिक्षकों के लिए संर्घष करने को तैयार है।