महराजगंज। प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने पुरानी पेंशन लागू करने की मांग को लेकर जिलाध्यक्ष डाॅ. नवीन श्रीवास्तव के नेतृत्व में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया। माध्यमिक शिक्षकों ने जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त कर्मचारियों को पुरानी पेंशन दी जाए। यह हमारा हक है। माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत किसी भी कार्यालय में फाइलों के निस्तारण की कोई समय सीमा निर्धारित नहीं है। इससे शिक्षकों का आर्थिक और मानसिक शोषण हो रहा है। सिटीजन चार्टर लागू करने एवं उसके अनुसार कार्य निष्पादन की व्यवस्था हो।
प्रदेश के अधिकांश जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों में नियमित लेखाधिकारी, पटल सहायकों की तैनाती नहीं है, जिससे कार्यालयों में लेखा संबंधित कार्य समयबद्ध संपादित नहीं हो पा रहा है। सभी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों में नियमित लेखाधिकारी व पटल सहायकों की तैनाती की जाए। शिक्षकों ने कहा कि अन्य विभागों की भांति माध्यमिक शिक्षा विभाग में भी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को माध्यमिक शिक्षा निदेशक उत्तर प्रदेश के आदेश का अनुपालन करते हुए फॉर्म 16 निशुल्क उपलब्ध कराया जाए।
जनपद के शिक्षकों को अभी तक बोर्ड परीक्षा मूल्यांकन का पारिश्रमिक प्राप्त नहीं हुआ है। इसे तत्काल सबके खाते में भेजवाया जाए। पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा भी प्रदान करने की मांग की गई। चंदन कुमार ने सभा को संबोधित करते हुए कहा की सरकार निरंतर हमारे हितों की अनदेखी कर रही है। स्वयं विधानसभा और विधान परिषद में बैठे हुए लोग तो पुरानी पेंशन का लाभ लेते हैं।
इस अवसर पर विजय कुमार जायसवाल, अजीत कुमार यादव, कुमुद रंजन सिंह, डॉ. सर्वेश मणि त्रिपाठी, चंद्र प्रकाश गुप्ता, राजेश कुमार, धर्मेंद्र सिंह, संतोष कश्यप, मनोज यादव, संदीप जायसवाल, रामजन्म मौर्य, छबीले कुमार उपाध्याय मौजूद रहे।