शिक्षक संघ ने शहीद की पत्नी को छह लाख की सहायता दी
- फोटो : अमर उजाला
फरेंदा (महराजगंज)। पुलवामा में 14 फरवरी को हुए आतंकी हमले में शहीद पंकज त्रिपाठी के घर संवेदना जताने वालों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। शनिवार को दिन में शिक्षक संघ के पदाधिकारी शहीद के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। संगठन की तरफ से 6 लाख 19 हजार 5 सौ रुपये नकद सहायता राशि भी सौंपी।
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी, जिलामंत्री सत्येंद्र कुमार मिश्र, मनव्वर अली के साथ फरेंदा, धानी, बृजमनगंज, नौतनवां, मिठौरा, घुघली, सिसवा, लक्ष्मीपुर ब्लॉक इकाई के पदाधिकारी शहीद के गांव हरपुर के बेलहिया पहुंचे। यहां आतंकी हमले में शहीद पंकज त्रिपाठी को श्रद्धांजलि देने के साथ ही उनके पिता को संगठन के पदाधिकारियों ने ढांढस बंधाया। उधर, यूपी पब्लिक स्कूल के बच्चों ने अपनी जेब खर्च की धनराशि को एकत्र कर शहीद जवानों के परिजनों के सहयोग के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा। विद्यालय के प्रबंधक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि बच्चों ने अपनी पॉकेट मनी इकट्ठा कर वीर पोर्टल के माध्यम से 21 सौ रुपये केंद्र सरकार को भेजा है।