शिक्षकों और अभिभावकों में नोकझोंक
- फोटो : अमर उजाला
सोमवार को प्राथमिक विद्यालय अमरूतियां पासी टोला में करीब 11 बजे के बाद अचानक माहौल गर्म हो गया। कुछ अभिभावक स्कूल पहुंचे और शिक्षकों से नोकझोंक करने लगे। यहां तैनात प्रधानाध्यापिका मामले को सुलझाने लगी तो उनसे भी तकरार शुरू हो गई। कुल मिलकार शिक्षक और अभिभावक के बीच हो रहे नोकझोंक को बच्चे देखते रहे। काफी देर बाद मामला शांत हुआ। आरोप प्रत्यारोप के बीच किसी तरह मामला सुलझा। वहीं इस पूरे प्रकरण पर बीएसए ने जांच कर कडी कार्रवाई करने को कहा है।
सोमवार को दिन में करीब 11 बज रहे थे। प्राथमिक विद्यालय अमरूतियां पासी टोला में बच्चें पढने आए थे। अचानक एक बच्चा रोते हुए निकला। उसे किसी शिक्षक ने मार दिया था। बच्चा सीधे घर पहुंचा, इसके बाद दर्जन भर से अधिक अभिभावक स्कूल पहुंचे। सभी ने शिक्षकों से नोकझोंक करते हुए उनकी खामियों को गिनाना शुरू कर दिया। दोनो तरफ से आरोप प्रत्यारोप का दौर खूब चला। बच्चे तमाशबीन बने रहे। स्कूल पर तैनात शिक्षकों की नजर में यह बवाल साजिशन कराया गया। वहीं अभिभावक शिक्षकों पर दायित्व के प्रति उदासीनता का आरोप मढ़ते हुए उनकी तमाम खामियों को गिनाया। करीब घंटेभर यह सब होता रहा। इतने में प्रधानाध्यापिका ने मामले को शांत कराने की कोशिश की मगर उनसे भी मामला उलझ गया। सभी एक दूसरे पर आरोप मढ़ने लगे। बात बनता न देख प्रधानाध्यापिका ने बीएसए को पूरे प्रकरण से अवगत कराने की बात कही। थोड़ी देर बाद मामला अपने आप ही शांत हो गया।
बीएसए जगदीश प्रसाद शुक्ल ने कहा कि स्कूल में इस तरह नोकझोक होना उचित नहीं है। इस प्रकरण की जांच कर कसूरवार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।