अनुपस्थित शिक्षक को बीएसए ने किया निलंबित
महराजगंज। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य ने17 दिसंबर के परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया था। उन्होंने अनुपस्थित शिक्षकों पर कार्रवाई के लिए बीएसए को पत्र लिखा था। बीएसए ने एक विद्यालय के प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है। एक विद्यालय के बंद पाए जाने पर सभी शिक्षकों का वेतन रोका गया है।
बीएसए ओमप्रकाश यादव ने बताया कि जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य रवींद्र सिंह ने 17 दिसंबर को घुघली क्षेत्र के ग्राम पिपरी मुड़ेेरी के पूर्व माध्यमिक विद्यालय का दोपहर 1:15 बजे निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय बंद पाया गया। घुघली क्षेत्र के कंपोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय पचरुखिया के निरीक्षण में विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा न सिर्फ अनुशासनहीनता की गई, बल्कि उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना करना भी पाया गया। मामले में कार्रवाई के लिए डायट प्राचार्य ने उन्हें पत्र लिखा था, जिसके क्रम में पिपरा मुड़ेरी विद्यालय के सभी शिक्षकों को वेतन रोकते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। जबकि पचरुखिया के प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है।