महराजगंज। परिषदीय विद्यालयों में निजी स्कूलों की तरह हर माह शिक्षक अभिभावक संघ की बैठक होगी। बैठक में शिक्षक-अभिभावकों से मिलकर विद्यार्थियों की शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करने के लिए विचार-विमर्श करेंगे। इसके साथ ही छात्रों की संख्या व उपस्थिति बढ़ाने का भी प्रयास किया जाएगा।
बैठक में शिक्षक अभिभावकों को विद्यार्थी के विषय में फीड बैक देंगे और उनके गृह कार्य के पूर्ण होने व न होने पर विचार कर उसको पूर्ण कराने के सुझाव देंगे। अभिभावक से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने और प्रतिदिन घर पर भी पढ़ाई कराने पर जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही शिक्षक अभिभावकों से विद्यार्थी के घर पर पठन पाठन के विषय में जानकारी कर उसमें सुधार का प्रयास करेंगे। इसके अलावा सभी प्रधानाचार्य व अध्यापकों की बैठक हर माह खंड शिक्षा अधिकारी के साथ की जाएगी। इसमें विद्यालय में होने वाली समस्याओं व अन्य जरूरी विषयों पर विचार किया जाएगा। बैठक का मुख्य उदेश्य परिषदीय स्कूलों में छात्रों की संख्या बढ़ाने व उन्हें अच्छी शिक्षा उपलब्ध कराना है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रवण गुप्ता ने बताया कि महानिदेशक स्कूल शिक्षा के निर्देश के अनुसार प्रति माह अभिभावक शिक्षक संघ की बैठक आयोजित कराने के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है।