महराजगंज। पुरानी पेंशन बहाली के लिए बृहस्पतिवार को शहर में शिक्षक कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। फरेंदा मार्ग पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। नारेबाजी करते हुए अटेवा से जुड़े सभी पदाधिकारी जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचकर ज्ञापन सौंपे। नारेबाजी करते हुए शिक्षक, कर्मचारी बोले, पुरानी पेंशन से कम कुछ मंजूर नहीं है।
केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर एनपीएस और यूपीएस के विरोध में देश के जिला मुख्यालयों पर आक्रोश बाइक रैली निकाली गई। हजारों की संख्या में शिक्षक कर्मचारी जीएसबीएस इंटर कॉलेज के परिसर में एकत्रित होकर बाइक से सक्सेना चौक से होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान कर्मचारियों के हाथों में तिरंगा और स्लोगन लिखी तख्तियां थीं। कर्मचारी एनपीएस यूपीएस गो बैक और जो पेंशन की बात करेगा वही देश पर राज करेगा के नारे लगाए।
प्रदेश संगठन मंत्री राजेश जायसवाल ने कहा कि कर्मचारियों को पुरानी पेंशन से कम कुछ मंजूर नहीं है। जिलाध्यक्ष टीपी सिंह ने कहा कि रात दिन एक कर के देश की सेवा कर रहे अर्द्ध सैनिक बलों, शिक्षकों और कर्मचारियों की ओपीएस हर हाल में बहाल होनी चाहिए।
मंडल अध्यक्ष नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि एनपीएस के परिणाम आने शुरू हो गए हैं, सेवानिवृत्त कर्मचारियों को प्रतिमाह 800 -1800 रुपये पेंशन प्राप्त हो रहा है।
महामंत्री शिवसरन सिंह एवं कोषाध्यक्ष राघवेन्द्र गुप्ता ने कहा कि यूपीएस, एनपीएस से भी हानिकारक है। जिला उपाध्यक्ष शिव प्रताप सिंह और जिला मीडिया प्रभारी सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि एकीकृत पेंशन स्कीम (यूपीएस) से अच्छे तो कई कंपनियों के प्लान हैं, अटेवा इसका विरोध करता है। ओपीएस बहाल होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
बाइक रैली में उपाध्यक्ष देवेश पांडेय, सैफुद्दोजा, डॉ. शांति शरण मिश्रा, मदन गोपाल गुप्ता, हरिनारायण यादव, अखिलेश मिश्रा, कृपाराज, हरि त्रिपाठी, डॉ. शांति शरण मिश्रा, विपिन विहारी, महेंद्र वर्मा, अयूब अंसारी, रामेश्वरम मौर्या, विपिन पटेल, पंकज मौर्य, डॉ. सतीश चंद्र तिवारी, संजय चौधरी, प्रद्युम्न सिंह, वंदना त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
इन संगठनों ने आक्रोश रैली में लिया हिस्सा
आक्रोश रैली में प्राथमिक शिक्षक संघ, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ, माध्यमिक शिक्षक संघ, उच्च शिक्षा कर्मचारी संघ, महिला शिक्षक संघ, सफाई कर्मचारी संघ, लेखपाल संघ, टीएससीटी, मदरसा शिक्षक संघ, फार्मासिस्ट संघ, प्रयोगशाला प्राविधिज्ञ संघ, नर्सेज संघ, एक्स-रे टेक्नीशियन संघ, लोक निर्माण कर्मचारी संघ, सिंचाई विभाग कर्मचारी संघ, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा कर्मचारी एसोसिएशन, कृषि विभाग कर्मचारी संघ 19 डिप्लोमा संघ, कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ, संग्रह अमीन संघ, राजकीय शिक्षक संघ, सिद्धार्थ विश्वविद्यालय संबद्ध महाविद्यालय शिक्षक संघ के शिक्षक कर्मचारी शामिल हुए।