सकारपार। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेसरहा के सभागार में शनिवार को 100 दिवसीय टीबी (क्षय रोग) खोजी अभियान कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जय प्रताप सिंह पूर्व स्वास्थ्य मंत्री, विधायक बांसी ने दीप प्रज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया।
विधायक जय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में यह 100 दिवसीय विशेष अभियान बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से घर-घर जाकर संभावित मरीजों की पहचान करने तथा पात्र मरीजों को शासन की ओर से दी जा रही पोषण सहायता राशि का लाभ दिलाने को कहा।
लोगों से कहा कि यदि किसी व्यक्ति को लगातार दो सप्ताह या उससे अधिक समय से खांसी आती हो, शाम के समय बुखार आना, कमजोरी महसूस करना, सीने में दर्द होना या वजन कम होने जैसे लक्षण दिखें तो तत्काल अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर निशुल्क जांच कराएं।
अधीक्षक डॉ. सुजीत कुमार पांडेय ने बताया कि अभियान के तहत सफाई कर्मचारियों का एक्स-रे कर संक्रमण की जांच की गई।