गांव से बकरी को दबोच ले गया तेंदुआ, दहशत
चौक बाजार। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग दक्षिणी चौक रेंज के धरमौली टोला डूमरभार में बुधवार की रात में एक तेंदुआ घुस आया और बकरी को दबोच ले गया। गुरुवार की सुबह गांव के लोग तेंदुए के पद चिन्ह एवं जंगल के किनारे बकरी का अवशेष देखकर दहशत में आ गए। वन विभाग की ओर से गांव के लोगों को सचेत किया गया है कि जंगल की ओर अकेले न जाए। गांव में सन्नाटा पसरा रहा।
डूमरभार टोला के रहने वाले अमरनाथ राव की झोपड़ी गांव के बाहरी इलाके में है। बुधवार की रात परिजन घर में सो रहे थे। तभी जंगल की ओर से एक तेंदुआ आया और घर के पीछे से सरपत से बने टाट को फाड़कर झोपड़ी में घुस कर बंधी बकरी को दबोच ले गया। गुरुवार की सुबह जब गांव के सटे जंगल के पास झाड़ी में बकरी की हड्डियों को देखा गया। जंगल से सटे गांवो धरमौली, नाथनगर, बेलासपुर, नौडिहवा, वनकसहिया, सोनड़ी खास में दहशत का माहौल है। गांव के बालकिशुन, सुरेंद्र, कलामुद्दीन, नूरजहां, गोदना, रामअवध, शमशेर, सुनीता, आसरून, चंद्रावती, सुनीता आदि ने बताया कि तेंदुए का पद चिन्ह तो जंगल की ओर जाते हुए दिखे हैं। दक्षिणी चौक रेंज के रेंजर रवि कुमार गंगवार ने बताया कि गांव जंगल से सटे होने की वजह से जंगली जानवर रास्ता भटक गांवों में आ जाते हैं। ऐसे में ग्रामीण तेंदुए से बचने के लिए रात में जगे एवं झुंड बना कर रहें। वन क्षेत्र से सटे गांवों की सुरक्षा के लिए वनकर्मी लगाए गए हैं।