कलेक्ट्रेट सभागार में लघु उद्योग की बैठक करते डीएम अनुनय झां।संवाद
उद्यमियों व राइस मिलरोंं के साथ बैठक करते हुए जिलाधिकारी अनुनय झा ने दिया निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्योग विभाग की ओर से चलने वाली निजी औद्योगिक पार्क (प्लेज) योजना उद्योग लगाने में आने वाली बाधा को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उद्यमी व राइस मिलर स्वयं अथवा साझे में लाभ प्राप्त करते हुए निजी औद्योगिक पार्क को विकसित करें। उन्हें अनुदान व अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
ये निर्देश सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में प्लेज के संबंध में उद्यमियों व राइस मिलरों की बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अनुनय झा ने दिया। उन्होंने कहा कि जिले में कृषि आधारित उद्योगों के विकास की प्रबल संभावना है। इसमें रूचि दिखाकर वे जहां स्वयं के उद्योगों का विकास करेंगे, वहीं जिले के आर्थिक विकास को भी गति प्रदान करने में सहायक होंगे। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार राय ने कहा कि उद्यमी भूमि के लिए सरकार पर आश्रित रहने की बजाए स्वयं के औद्योगिक पार्क को स्थापित करने पर जोर दें। अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने उद्यमियों से कहा कि वे उद्योग लगाने में आगे आएं, प्रशासनिक स्तर से उन्हें पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा। उपायुक्त उद्योग अभिषेक प्रियदर्शी ने उद्यमियों व राइस मिलरों को प्लेज योजना को विस्तृत रूप से समझाने का कार्य किया। कहा कि 10 से 50 एकड़ तक की भूमि पर उद्यमी उद्योग को विकसित कर सकते हैं। उद्यमियों को दिए जाने वाले छूट के बारे में भी जानकारी दी। इस दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी विवेक सिंह, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, सहायक आयुक्त उद्योग राकेश जायसवाल के साथ ही अन्य अधिकारी, राइसमिलर व उद्यमी मौजूद रहे।