तैयारियां पूरी, टीईटी कल
महराजगंज। बुधवार को आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा को सुचितापूर्ण कराना सभी की जिम्मेदारी है। सभी अपने दायित्वों को लेकर गंभीर रहें तथा परीक्षा को निष्पक्ष व पारदर्शी ढंग से कराएं।
ये बातें जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार ने सोमवार को सदर तहसील सभागार में आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा की तैयारी बैठक में कही। उन्होंने कहा कि परीक्षा को लेकर किसी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं होगी। स्टेटिक मजिस्ट्रेट व पर्यवेक्षक परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखें। केंद्र व्यवस्थापक भी केंद्रों पर परीक्षार्थियों को दिक्कत न आए इसका ध्यान रखें। परीक्षा शासन व परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय द्वारा दिए गए निर्देश के मुताबिक कराई जाए। केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, एडीएम कुंज बिहारी अग्रवाल, एसडीएम राजेश जायसवाल, अभय कुमार, बीएसए जगदीश प्रसाद शुक्ल, प्रशासन व शिक्षा विभाग के पर्यवेक्षक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक व परीक्षा कार्य से जुड़े जिम्मेदार मौजूद रहे।
परीक्षार्थियों की कराएं वीडियो रिकार्डिंग
दोनों पालियों में प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों के प्रवेश के समय प्रवेश द्वार पर वीडियो रिकार्डिंग कराई जाए। स्टेटिक मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक दल तथा निरीक्षण करने पहुंचने वाले सचल दल यह सुनिश्चित करें कि केंद्र पर पूरी सुचिता के साथ परीक्षा कराई जा रही है। उन कक्षों पर भी विशेष नजर रखी जाए जो बंद हों अथवा प्रयोग में न आते हों। परीक्षा से संबंधित अधिकारी व कर्मचारी के अतिरिक्त किसी भी व्यक्ति को प्रवेश न दिया जाए। शौचालयों की सफाई सुनिश्चित कराते हुए यह भी देखा जाए कि कोई भी प्रतिबंधित वस्तु वहां न हो। आधे घंटे पूर्व प्रवेश दिया जाएगा।
तीन सचल दल बनाए गए
जिला प्रशासन ने परीक्षा को बेहतर ढंग से कराने के लिए तीन सचल दल बनाया है। जिला विद्यालय निरीक्षक, डायट प्राचार्य व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दल का प्रभारी बनाया गया है।
इन सामग्रियों के साथ पहुंचे परीक्षार्थी
परीक्षार्थी अपने साथ प्रवेशपत्र, प्रवेशपत्र में अंकित फोटो युक्त पहचान पत्र, प्रशिक्षण प्रमाणपत्र के किसी सेमेस्टर के अंकपत्र की मूल प्रति अथवा संबंधित प्रशिक्षण संस्था के रजिस्ट्रार अथवा सक्षम अधिकारी द्वारा प्रमाणित अंकपत्र की प्रति अवश्य लाएं। जिनके पास यह सामग्री नहीं होगी उन्हें प्रवेश नहीं दिया जाएगा। फोटो पहचान पत्र के रूप में निर्वाचन कार्ड, फोटो युक्त बैंक पासबुक, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट व आधारकार्ड मान्य होगा।