परिजन बोले- तबीयत खराब होने के कारण हुई है मौत, पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
फरेंदा, महराजगंज। क्षेत्र के छितही के गोबरहिया गांव में ससुराल आए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में बुधवार को मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि युवक की मौत तबीयत खराब होने की वजह से हुई है। जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
जानकारी के अनुसार, भदोही जिले के मक्खनपुर निवासी 25 वर्षीय इंद्रमणि सोमवार को सुसराल छितही बुजुर्ग के गोबरहिया गांव में आए थे। परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब पांच बजे उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। ससुराल के लोग उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए। कुछ देर बाद युवक की हालत और बिगड़ गई तो चिकित्सकों ने सीएचसी बनकटी रेफर कर दिया। सीएचसी पहुचने पर युवक ने दम तोड़ दिया।
युवक की सास ने बताया कि दामाद की तबीयत पहले से खराब थी। इलाज चल रहा था। युवक के मौत की सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय व सीओ अनिरूद्ध कुमार मौके पर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की। फरेंदा के क्षेत्राधिकारी अनिरूद्ध कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।
..
युवक का हुआ था प्रेम विवाह
इंद्रमणि ने छितही निवासी रूपा से प्रेम विवाह किया था। दोनों करीब सात साल पहले गोरखपुर में एक रिश्तेदार के यहां एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। उनके दो बच्चे हैं। युवक की मौत की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। युवक पत्नी की छोटी बहन को छोड़ने दो दिन पहले ससुराल आया था।