लापरवाही पर नगर पंचायत घुघली के वरिष्ठ लिपिक निलंबित
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। नगरीय विकास अभिकरण कार्यालय (डूडा) में धांधली रुकने का नाम नहीं ले रही है। इसकी तस्दीक डीएम व सीडीओ के निरीक्षण में भी होती दिख रही है। डीएम ने लापरवाही व अनियमितता के आरोप में घुघली के वरिष्ठ लिपिक को निलंबित करने का निर्देश दिया है। अभी मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी पवन अग्रवाल ने डूडा कार्यालय का औचक निरीक्षण किया था, तो जांच में कई गड़बड़ी सामने आई।
बुधवार को जिलाधिकारी अमरनाथ उपाध्याय व सीडीओ पवन अग्रवाल एक साथ सुबह 11.20 बजे डूडा कार्यालय पहुंचे तो वहां का नजारा पहले जैसा ही दिखा। जब दोनों अधिकारी डूडा कार्यालय पहुंचे तो उस दौरान बीर बहादुर नगर निवासी अशोक कुमार मौजूद दिखे। उन्होंने बताया कि वह प्रधानमंत्री आवास के लिए फार्म भरे थे। जियो टैगिंग के लिए डूडा कार्यालय से कोई कर्मचारी गया था, लेकिन बिना जियो टैगिंग किए वापस चला गया। कर्मी परिवार के लोगों को एक पर्ची पर अपना मोबाइल लिखकर देने के साथ ही यह कह कर लौट गए कि कार्यालय आकर मिल लें। उन्हीं से मिलने डूडा कार्यालय आए हैं। डीएम ने लाभार्थी की पत्रावली देखा। वहीं डूडा कार्यालय में ही एक और व्यक्ति मिला। जब डीएम ने उस व्यक्ति से पूछताछ शुरू की तो उसने अपने को ठेकेदार बताते हुए कहा कि नगर पंचायत घुघली के वरिष्ठ लिपिक ने एक पत्र डूडा कार्यालय को देने के लिए दिया है। जांच करने पर पता चला कि पत्र नगर पंचायत घुघली के वार्ड नंबर 11 में प्रस्तावित कार्यों के विवरण की सत्यप्रति थी। ठेकेदार के हाथों विभागीय पत्र भेजा जाना अनियमितता एवं लापरवाही की श्रेणी में माना जाता है। इस पर डीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए घुघली के वरिष्ठ लिपिक को निलंबित करने का निर्देश दिया।
------
दो राजस्व कर्मियों का पटल बदला
महराजगंज। जिलाधिकारी अमरनाथ उपाध्याय ने नौतनवां तहसील के दो राजस्व कर्मियों का पटल बदलने के साथ विधिक कार्रवाई के लिए एसडीएम नौतनवां को निर्देशित किया है।
जिलाधिकारी विभिन्न शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बीते दिनों नौतनवां तहसील का निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान कनिष्ठ लिपिक ईश्वर चंद व राजस्व कर्मी राजेंद्र की शिकायत व कार्य पद्धति की जांच कराई। जांच में इन दोनों राजस्व कर्मियों के बारे में की गई शिकायत सही मिली तथा दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही व उदासीनता मिली। जिसके आधार पर दोनों का पटल बदलने तथा विधिक कार्रवाई के लिए एसडीएम को निर्देशित किया।