छात्रसंघ चुनाव के आंदोलन को सपा का समर्थन
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। जवाहर लाल नेहरू पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव कराने के लिए छात्र नेताओं का आमरण अनशन परिसर में शुक्रवार को भी जारी रहा। इस दौरान छात्र नेताओं ने जिलाधिकारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सभी ने चेतावनी दी कि अविलंब छात्रसंघ चुनाव की घोषणा नहीं की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस बीच शुक्रवार को सपा जिलाध्यक्ष राजेश ने कॉलेज परिसर में अनशनरत छात्र नेताओं के पास पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि छात्र हित में सपा संघर्ष के लिए तैयार है।
छात्र नेता त्रिभुवन वर्मा, मंदीप पटेल, आलोक रंजन दूबे और नीरज अग्रहरि आमरण अनशन पर बैठे हैं। छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष अविनाश कुमार ने चेतावनी दी कि जल्द छात्रसंघ चुनाव नहीं हुआ तो अन्य कॉलेजों के छात्रों के साथ मिलकर आंदोलन को विस्तार दिया जाएगा। त्रिभुवन वर्मा ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन की ओर से छात्रहितों की अनदेखी की जा रही है। कहा कि छात्रसंघ चुनाव न कराकर लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी जल्द छात्रसंघ चुनाव नहीं कराया गया तो आने वाले लोकसभा चुनाव में छात्र मतदान का बहिष्कार करेंगे। इस मौके पर जितेंद्र यादव, दीपक द्विवेदी, अभय पटेल, अरविंद गौतम, अशोक यादव, राजेश मद्धेशिया, राकेश गुप्ता, विमलेश गुप्ता, रेनू गुप्ता, सवित्री सहिरून निशा आदि मौजूद रहीं। सपा नेता अमीर खान, विंद्रेश कन्नौजिया, जितेंद्र यादव, राम मिलन गौड़, पप्पू वर्मा, तसौवर हुसेन, मोहम्मद समीम, धर्मराज पासवान आदि कॉलेज में सपा जिलाध्यक्ष के साथ पहुंचे।