-गिरफ्तार न होने वाले आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेमिका के घर में हुई प्रेमी की हत्या के मामले में एक नया मोड़ आ गया है। हत्याकांड में नामजद गिरफ्तार न होने वाले आरोपियों द्वारा मृतक के परिजनों को धमकाया जा रहा है। उन पर मामले में सुलह करने का दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। सोमवार को मृतक सुनील के पिता ने गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दरबार में मुख्यमंत्री से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने रोते हुए अपनी पीड़ा सीएम से बताई।
मृतक के पिता राजेंद्र शर्मा ने सीएम को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि सुनील शर्मा की हत्या 24 सितंबर की रात कर दी गई है। जिसबी बाबत श्यामदेउरवां थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसमें चार लोगाें की गिरफ्तारी हो चुकी है। तीन आरोपियों की गिरफ्तारी आज तक नहीं हो सकी है। इनके द्वारा मुकदमे में सुलह करने व पैरवी न करने की धमकी दी जा रही है। एक अक्तूबर की रात में करीब 12.30 बजे अज्ञात व्यक्ति हथियार से लैस होकर मेरे घर आया और मेरे बड़े बेटे को धमकी देते हुए कहा कि मुकदमे में जेल जाने से बचा लो, अन्यथा तुम्हारी भी हत्या कर दी जाएगी।