अध्यासी को पत्र भेजकर गन्ना विभाग ने भुगतान का दिया निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जेएचवी शुगर मिल गड़ौरा पर किसानों के बकाया गन्ना मूल्य के भुगतान को लेकर गन्ना विभाग ने मिल के अध्यासी को पत्र भेजा है।
मिल किसानों का वित्त वर्ष 2014-15 का छह करोड़ 31 लाख 39 हजार और वर्ष 2017-18 का 20 करोड़ 88 लाख 72 हजार रुपया गन्ना मूल्य का भुगतान बाकी है। किसानों की समस्या को देखते हुए गन्ना विभाग ने मिल के जिम्मेदारों को पत्र भेजकर अविलंब भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था मगर ध्यान नहीं दिया गया। मिल की लापरवाही को देखते हुए विभाग ने पुन: अध्यासी को पत्र भेजकर भुगतान अविलंब शुरू करने का निर्देश दिया है। जिला गन्ना अधिकारी जगदीश चंद्र यादव ने बताया कि मिल के बंद होने की वजह से जिम्मेदारों द्वारा भुगतान में देरी की जा रही है, मिल अध्यासी को फिर से पत्र भेजा गया है, उम्मीद है कि किसानों को जल्द ही राहत मिलेगी।
लगभग सात हजार किसानों को मिलेगा लाभ
मिल द्वारा यदि भुगतान प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाए तो क्षेत्र के सात हजार से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा। इसका किसान बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।