रमहौली गांव में बना केएमसी मेडिकल काॅलेज।
महराजगंज। जिले में पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार हो चुका है। नए शैक्षिक सत्र में कक्षाएं शुरू होगी। इसके लिए जरूरी औपचारिकता पूरी की जा रही है। जुलाई से छात्रों के दाखिले की प्रक्रिया शुरू होने की बात कही जा रही है। एनएमसी की टीम जल्दी जांच करने आएगी।
जानकारी के अनुसार, मेडिकल काॅलेज का पूरा परिसर सीसीटीवी कैमरे से लैस हो चुका है। जिले में मेडिकल की पढ़ाई के साथ अब बेहतर इलाज की सुविधा मिलेंगी। 15 एकड़ में बन रहे मेडिकल काॅलेज का भवन बन चुका है। गेट के साथ ही प्रशासनिक बिल्डिंग से लेकर एकेडमिक बिल्डिंग, हाॅस्टल, कर्मचारी आवास बन गए हैं। मेडिकल में 150 सीटों पर प्रवेश परीक्षा के जरिए होगा। मेडिकल काॅलेज बनने से जिले की 30 लाख की आबादी को बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी। उनको गंभीर रोगों के इलाज के लिए गोरखपुर नहीं जाना पड़ेगा। नजदीक में इलाज की सुविधा होने से समय व रकम दोनों की बचत होगी। मेडिकल में बेहतर ढंग से पढ़ाई की सुविधा होने के साथ ही अत्याधुनिक संसाधन होंगे। यहां पर हाईटेक ट्राॅमा सेंटर होगा। इससे गंभीर रूप से घायलों को त्वरित इलाज की सुविधा मिलेगी। हृदय रोगियों के लिए भी अच्छी सुविधा मुहैया कराई जाएगी।