जिला स्तरीय अनुभवात्मक प्रशिक्षण की स्पर्धा का किया गया आयोजन
45 माध्यमिक स्कूल के 1258 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
महराजगंज। मंगलवार को जवाहर नवोदय महराजगंज में जनपद स्तरीय प्रेरणा उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य आरके राय ने की। इसमें 45 स्कूलों के 1258 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। सभी प्रतिभागियों के बाद निबंध, पेंटिंग, क्विज, प्रश्नोत्तरी व साक्षात्कार की प्रक्रिया से गुजारा गया। परिणाम शुक्रवार घोषित किया जाएगा।
प्रेरणा उत्सव के जरिये कक्षा 9 से 12वीं के विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को गुजरात के बडनगर में अनुभवात्मक प्रशिक्षण लेने के लिए भेजा जाएगा। मुख्य अतिथि डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत 2047 के विजन को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत बढ़ावा दिया जा रहा है। जनपद से एक बालक व एक बालिका का चयन अनुभवात्मक प्रशिक्षण के लिए किया जाएगा। 14 स्कूल के विद्यार्थियों ने चित्रकला व 17 ने निबंध व क्विज में हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों को साक्षात्कार से भी गुजारा गया। आकलन के लिए डायट प्रवक्ताओं की टीम लगी थी जो दो दिन के भीतर परिणाम घोषित करेगी। डायट प्रवक्ता अनिल मौर्य ने बताया कि चयन आकलन विभिन्न स्पर्धाओं से किया गया। इसके लिए 11 प्रवक्ताओं का प्रतिनिधि मंडल केंद्रीय स्कूल के प्राचार्य बैरिस्टर पांडेय के नेतृत्व में जुटा रहा।
प्रभारी प्राचार्य आरके राय ने कहा कि प्रतिभागियों को स्पर्धा के प्राप्तांकों के आधार पर चयनित कर गुजरात भेजा जाएगा। आयोजन का नोडल स्कूल नवोदय जरूर बना, लेकिन अधिकांश सहयोग माध्यमिक शिक्षा व डायट की तरफ से दिया गया। कार्यक्रम में नवोदय स्कूल व शामिल स्कूल के शिक्षक मौजूद रहे।