‘पुलिस से डरें नहीं, बेझिझक अपनी बात कहें’
महराजगंज। छात्राएं पुलिस से डरें नहीं, बेझिझक अपनी बात कहें। पुलिस उनकी मदद के लिए हमेशा तैयार है। हेल्पलाइन नंबर पर भी शिकायत कर मदद ली जा सकती है। जीवन का एक लक्ष्य तय करके उसी लक्ष्य को पाने के लिए मेहनत करें। कॉलेज से आते जाते समय किसी भी छात्रा को कोई परेशानी हो तो तुरंत 100 नंबर पर डायल कर शिकायत करें। कभी भी घबराना नहीं चाहिए। पुलिस की एंटी रोमियो टीम हर समय सादे कपड़ों में स्कूल खुलने के वक्त और छुट्टी के समय आसपास रहती है।
यह बात सीओ निचलौल डीके उपाध्याय ने कही। वह बृहस्पतिवार को दोपहर 12 बजे से निचलौल कस्बे के रामभोली कन्या इंटर कॉलेज में ‘अमर उजाला फाउंडेशन’ की ओर से अपराजिता मुहिम के तहत पुलिस की पाठशाला में बतौर मुख्य अतिथि छात्राओं को संबोधित किए। उन्होंने छात्राओं को 1098 वूमेन हेल्पलाइन, डायल 100 के प्रयोग के बारे में बताया। सीओ ने कहा कि पुलिस के बारे में सकारात्मक सोच रखें और उसे मित्र समझें। अपने आसपास संदिग्ध गतिविधि अथवा व्यक्ति को देखें तो गोपनीय सूचना पुलिस को जरूर दें। उन्होंने मोबाइल और साइबर क्राइम के खतरों से भी छात्र-छात्राओं को अवगत कराया। साथ ही मोबाइल के प्रयोग में सावधानी बरतने की सलाह दी। महिला अपराध, हेल्पलाइन, यातायात नियमों सहित सोशल मीडिया के सही प्रयोग व साइबर क्राइम से जुड़ी बातें बताईं। कालेज की छात्राओं ने आईपीसी की धाराओं, एफआईआर, विवेचना और न्यायिक प्रक्रिया के बारे में प्रश्न किया। जिसका जवाब सीओ ने बेहतर ढंग से देते हुए उदाहरण देकर समझाया। प्रधानाचार्य वासुदेव पांडेय ने कहा कि अपराजिता मुहिम छात्राओं के लिए बेहद मददगार साबित हो रही है। प्रबंधक आशीष मणि त्रिपाठी ने सभी अतिथियों के आभार प्रकट किया। इस दौरान विश्वंभर, श्यामसुंदर, दिलीप, शत्रुघ्न, रंजेश, प्रेमलता, प्रियंका, साक्षी, गीता, संदीप, संजय, बबलू, सर्वेश, संतोष आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम 11.30 से शुरू होकर 1 बजे तक चला। इसमें 36 लोग शामिल हुए।
नियम कानून के बारे में मिली बेहतर जानकारी
इंटर की छात्रा सोनम गुप्ता, निकिता निषाद, गोल्डी चौधरी एवं पूजा कसौधन ने कहा कि पुलिस की पाठशाला में नियम कानून के बारे में बेहतर ढंग से जानकारी मिली। हेल्पलाइन नंबरों का प्रयोग कैसे करें, इस पर सुविधा त्वरित कैसे मिलती है, इसके बारे में समझने का अवसर मिला। सबसे खास बात यह रही की शिकायत प्रभावी ढंग से करने के लिए उचित फोरम के बारे में बताया गया।