सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सदर पर एएनएम को किया गया प्रशिक्षित
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सदर के सभागार में सोमवार को सदर ब्लाॅक की एएनएम को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. केपी सिंह ने गर्भवती महिलाओं, बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। साथ ही टीकाकरण, ई कवच फीडिंग में लापरवाही बरतने पर कड़ी चेतावनी दी गई। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य प्रबंधन सूचना प्रणाली (एचएमआईएस) पोर्टल पर सूचनाएं अपलोड करने के बारे में विस्तृत जानकारी भी दी।
डाॅ. केपी सिंह ने कहा कि सभी एएनएम अपने दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन करें। दस्तक अभियान को सफल बनाने के लिए मनोयोग से जुट जाएं। टीकाकरण एवं गर्भवती महिलाओं को समय-समय पर दी जाने वाली आयरन, फोलिक, कैल्शियम आदि दवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। सभी सूचनाएं एचएमआईएस पोर्टल पर अपलोड करें। इसमें लापरवाही बरतने वाली एएनएम के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान डाॅ. विकास, नौशाद अहमद, बीपीएम सूर्यप्रकाश सिंह, एएनएम रागिनी, अनुराधा, सुनीता, गुप्ता, रीना, पुष्पा, प्रियंका गुप्ता, वंदना पटेल, पुष्पा, वंदना भारती आदि मौजूद रहे।