महराजगंज। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ग्रीष्म ऋतु में आइसक्रीम निर्माण इकाइयों की जांच अभियान तेज कर दिया है। प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य) केके उपाध्याय के निर्देश पर शनिवार को निचलौल तहसील के विभिन्न क्षेत्रों में छापा मारने की कार्रवाई की।
टीम ने तीन आइसक्रीम, कुल्फी निर्माण इकाइयों का निरीक्षण कर नमूने संग्रहित किए। टीम ने सबसे पहले कृष्णानगर स्थित नंदनी आइसक्रीम निर्माण इकाई का निरीक्षण किया और वहां से बटरस्काच आइसक्रीम का नमूना लिया। इसके बाद बैठनलिया झुलनीपुर में नैनू आइसक्रीम निर्माण इकाई का जायजा लिया गया और आइसक्रीम का नमूना संग्रहित किया। उसी क्षेत्र में टीम ने आइसक्रीम इकाई का भी निरीक्षण कर कुल्फी का नमूना लिया गया। तीनों नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है।
अभियान की शुरुआत से अब तक कुल 13 नमूने विभिन्न आइसक्रीम इकाइयों से लिए जा चुके हैं। निरीक्षण के दौरान इकाइयों में स्वच्छता, लाइसेंस, कच्चे माल की गुणवत्ता, स्टोरेज व्यवस्था और उत्पादन प्रक्रिया की भी जांच की गई। छापे के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, हिमांशु जयंत, अंकित सिंह और पवन गौड़ शामिल रहे।