तहसील में लावारिस बैग मिलने से हड़कंप
निचलौल (महराजगंज)। तहसील परिसर स्थित अधिवक्ताओं के चैंबर में शुक्रवार को एक वरिष्ठ अधिवक्ता के मेज के नीचे लावारिस बैग पाया गया। इससे हड़कंप मच गया। इसके बाद तहसील की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी हरकत में आ गए।
तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय नरायन गिरी, अरविंद मिश्र, मोहर्रम अली, राविंस पांडेय, नंद कुमार गुप्ता ने बताया कि वरिष्ठ अधिवक्ता सरजू पांडेय के मेज के नीचे एक काला रंग का बैग देखा गया। बैग पर सांकेतिक भाषा का टैग लगा था। लावारिस बैग की सूचना की पुष्टि होते ही तहसील परिसर स्थित अधिवक्ता चैंबर में हड़कंप मच गया। सुरक्षाकर्मियों ने बैग को कब्जे में लेकर जांच की। बैग में कपड़ा, पेपर सहित खाने-पीने सामान मिले। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।