सक्रिय रहें टीमें, प्रतिदिन की दें रिपोर्ट : सीडीओ
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही सभी टीमें सक्रिय हो जाएं। निर्धारित प्रारूप पर उच्चाधिकारियों को प्रतिदिन की गतिविधि की रिपोर्ट दें। चुनाव के दौरान वीडियो निगरानी टीमें सीडी तैयार कर अवलोकन टीम को उपलब्ध कराएं। इसके बाद वीडियो व्यय लेखा टीम को भेजी जाएगी। व्यय लेखा टीम खर्च का विवरण तैयार करेगी। उसके बाद उसे संबंधित प्रत्याशी के खर्च में जोड़ा जाएगा। महराजगंज जिले में लोकसभा चुनाव की अधिसूचना 22 अप्रैल को जारी होगी।
उक्त बातें मुख्य विकास अधिकारी पवन अग्रवाल ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में चुनाव के लिए गठित सभी टीमों के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ आयोजित बैठक के दौरान कही। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने स्टेटिक, वीडियो निगरानी, वीडियो अवलोकन व व्यय लेखा टीमों तथा उड़नदस्ते में शामिल अधिकारियों व कर्मचारियों को चुनाव संबंधी जरूरी जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि सभी टीमें आपस में समन्वय बनाकर कार्य करें। ताकि परेशानी का सामना न करना पड़े। वीडियो निगरानी टीम जब किसी कार्य स्थल पर पहुंचे तो वहां कार्यक्रम के लिए एसडीएम स्तर से ली गई अनुमति की प्रति अवश्य देखें। अनुमति पत्र पर कार्यक्रम स्थल व समय भी अंकित रहता है। अगर कहीं किसी बिंदु पर साक्ष्य मिले तो उसे सीडी के साथ वीडियो अवलोकन टीम को उपलब्ध करा दें। उड़नदस्ता में शामिल अधिकारी विभिन्न चेक प्वाइंटों पर वाहनों की जांच करें। अगर किसी वाहन में 50 हजार रुपये से अधिक नगद धनराशि, प्रचार सामग्री, साड़ी, शराब आदि मतदाताओं को प्रभावित करने वाली सामग्री मिले तो नियमानुसार कार्रवाई करें। नगद धनराशि को थाने में जमा कर रसीद प्राप्त करें। अगर कोई व्यक्ति आचार संहिता से उल्लंघन से संबंधित शिकायत दर्ज कराता है तो उसका भी पूरा ब्योरा दर्ज करें।
बैठक में उड़न दस्ते की 15, स्थायी निगरानी की 17, वीडियो निगरानी की 15, वीडियो अवलोकन की पांच, व्यय लेखा की पांच टीमों के सदस्य तथा सहायक व्यय प्रेक्षक आदि मौजूद रहे।