राज्य स्तरीय टीम ने पीएचसी में की जांच
- फोटो : अमर उजाला
कोठीभार (महराजगंज)। कायाकल्प योजना के तहत स्वास्थ्य विभाग की राज्य स्तरीय दो सदस्यीय टीम ने बुधवार को कोठीभार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में स्वच्छता, रखरखाव व दस्तावेजों आदि की जांच की। टीम ने प्रसूति, प्रयोगशाला, दवा वितरण व वैक्सीन कक्ष में पहुंचकर भी जांच की। इस दौरान वार्ड ब्वाय, फार्मासिस्ट, नर्सों आदि से मरीज को इंजेक्शन लगाते समय बरती जाने वाली सावधानियों आदि के बारे में पूछताछ भी की।
टीम में डॉक्टर डी देवनाथ व धर्मेंद्र पाठक शामिल थे। डॉक्टर देवनाथ ने बताया कि केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत प्रदेश स्तर पर स्वास्थ्य केंद्रों की प्रतिस्पर्धा कराई जा रही है।
इसके तहत सभी केंद्रों की परिसर की स्वच्छता, दवाओं और अभिलेखों आदि के रखरखाव की ग्रेडिंग होनी है। इस सर्वे में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले अस्पतालों को भारत सरकार की तरफ से प्रोत्साहन राशि के रूप में दो लाख रुपये दिए जाएंगे। जांच के दौरान चिकित्साधिकारी डॉ. ओमशिव मणि त्रिपाठी, डॉ. पवन सिंह, डॉ. राजेश गुप्ता, डॉ. अतुल रंजन, डॉ. नंदनी सिंह, कमलेश सिंह, अवधेश यादव, डॉ. मनोज दुबे, कृति तिवारी, बेबी पटेल, प्रदीप चौरसिया, शिवानंद उपाध्याय, मुनिराम सहित विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।