महराजगंज। जिला स्तरीय सांसद खेल स्पर्धा के दूसरे दिन मंगलवार को खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाई। फुटबॉल मुकाबले में स्टार इलेवन क्लब महराजगंज की टीम ने अटैक स्पोर्टिंग क्लब सिसवा को हराया। रस्सा कस्सी बालक वर्ग में पनियरा की टीम विजेता व सिसवा की टीम उपविजेता एवं बालिका वर्ग में सिसवा की टीम विजेता व फरेंदा की टीम उप विजेता बनी। बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में सिसवा के इंग्लेश शर्मा विजेता व नौतनवां के कृष्ण चौधरी उप विजेता बने। 400 मीटर में सिसवा के सुनील पासवान विजेता व सदर के विनय कुमार उप विजेता। 800 मीटर में सदर के रवि विश्वकर्मा विजेता व सिसवा के शकी चंद उप विजेता बने।
बालिका वर्ग की 200 मीटर दौड़ में नौतनवां की तृप्ति मिश्रा विजेता व सदर की कविता वर्मा उप विजेता, 400 मीटर में सदर की उमा साहनी विजेता व नौतनवां की रीमा उपविजेता तथा 800 मीटर दौड़ में फरेंदा की करीना विजेता व सदर की जानकी साहनी उप विजेता बनीं।
कुश्ती बालक वर्ग (60 किलो) में सत्येंद्र कुमार विजेता व प्रदीप यादव उप विजेता, 65 किलो में रवि चंद विजेता व रवींद्र यादव उप विजेता, 70 किलो में विजय यादव विजेता व अरुण यादव उप विजेता, 74 किलो में नीतेश यादव विजेता व अनुपम यादव उप विजेता बने।
दूसरे दिन भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री धर्मेंद्र सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से खेल व खिलाड़ियों के विकास पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है। अध्यक्षता कर रहे केंद्रीय वित्त मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि कड़ी मेहनत व अच्छे खेल से खिलाड़ी न सिर्फ शीर्ष स्थान पर पहुंच सकते हैं, बल्कि स्वयं, परिवार, जिले व प्रदेश का नाम भी रोशन कर दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बन सकते हैं। इस दौरान विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, जयमंगल कन्नौजिया, जिलाध्यक्ष परदेशी रविदास, जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, विंध्यवासिनी सिंह, उप क्रीड़ाधिकारी धर्मेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।
ताइक्वांडो में भी खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा
ताइक्वांडो बालक वर्ग की स्पर्धा में कैडेट वर्ग में सदर के कार्तिक वर्मा को पहला व पनियरा के विशेष विश्वकर्मा को दूसरा स्थान मिला। जूनियर वर्ग में सदर के जुबेर को पहला व नौतनवां के अमन चौधरी को दूसरा तथा सीनियर वर्ग में सदर के फराज अहमद को पहला व फरेंदा के कुशहर साहनी को दूसरा स्थान मिला। बालिकाओं के कैडेट वर्ग में पनियरा की हर्षिता प्रजापति को पहला व सिसवा की दिव्यशिखा को दूसरा, जूनियर वर्ग में सदर की मुस्कान ने पहला व हर्षिता चौधरी ने दूसरा एवं सीनियर वर्ग में सिसवा की प्रिया साहनी ने पहला व सदर की सांभवी सिंह ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। ताइक्वांडो स्पर्धा को कराने में अभिषेक विश्वकर्मा, आदित्य जायसवाल, रिजवान, फरमान समेत अन्य प्रशिक्षकों ने अहम भूमिका निभाई।