महराजगंज। कोतवाली थाना क्षेत्र के सतभरिया में शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के एक जवान की मौत हो गई। उनकी पहचान हरिश्चंद्र (56 वर्ष) निवासी शेखपुर, थाना कोठीभार के रूप में हुई। वह वर्तमान में एसएसबी कैंप महराजगंज में तैनात थे। एक माह पूर्व ही उनकी तैनाती सिलीगुड़ी से महराजगंज में हुई थी। जानकारी के अनुसार, जवान हरिश्चंद्र शुक्रवार को किसी आवश्यक कार्य से एसएसबी कैंप महराजगंज से स्कूटी से सतभरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इस दौरान वे स्कूटी समेत सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल एसएसबी जवान को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।