सोनौली (महराजगंज)। फर्जी दस्तावेज के सहारे भारत में प्रवेश कर रहे श्रीलंका के नागरिक को बुधवार देर रात आव्रजन विभाग के अफसरों ने सोनौली बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे सोनौली पुलिस को सौंप दिया। आव्रजन विभाग के अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने उसके खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात सोनौली के इमिग्रेशन कार्यालय पर एक व्यक्ति नेपाल से भारत आने के दौरान अपने प्रपत्रों की जांच कराने पहुंचा। जांच के दौरान उसके द्वारा दिए गए प्रपत्र व इमिग्रेशन कार्यालय के सिस्टम में फीड प्रपत्र में मिलान नहीं होने पर अधिकारियों ने उसे हिरासत में ले लिया और कूटरचित दस्तावेज के आरोप में सोनौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम संपत दिलीप वर्तमान पता छौराली गोराल वैशाली बिहार व स्थायी पता 103 थोराय कुरुनेगल सीपी श्रीलंका बताया। युवक ने पहचान गुप्त रखते हुए फर्जी तरीके से भारतीय पासपोर्ट एवं वोटर आईडी भी बनवा लिया था। कोतवाल अंकित कुमार सिंह ने बताया कि दो देशों के पासपोर्ट का प्रयोग एवं अनाधिकृत तरीके से भारतीय सीमा में दाखिल होने के दौरान श्रीलंकाई नागरिक को आव्रजन अधिकारी की तहरीर पर केस दर्ज कर न्यायालय चालान किया गया।