महराजगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में बिना खेल शिक्षकों के मैदान मारने की कवायद चल रही है। सितंबर व अक्तूबर में जनपद स्तरीय से लेकर मंडल व राज्यस्तरीय आयोजन की तिथि घोषित हो चुकी है, लेकिन माध्यमिक स्कूलों में खेल शिक्षकों की कमी एक बड़ा कारण है कि जनपद मंडल से आगे नहीं बढ़ पा रहा।
जनपद में 278 माध्यमिक स्कूलों का संचालन है। इसमें 29 राजकीय माध्यमिक स्कूल भी शामिल हैं। इनमें सिर्फ 20 खेल शिक्षक ही तैनात हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग स्पोर्ट्स फॉर स्कूल कार्यक्रम पिछले चार वर्ष से संचालित कर रहा। इसके तहत माध्यमिक के हर विद्यार्थी को किसी एक खेल में पारंगत करने की अनिवार्यता है।लेकिन स्कूलों में खेल शिक्षक न होने के कारण विभाग का प्रयास कागजों में सिमट कर रह गया है। खेल में आगे बढ़ने की अपार संभावना को देख विद्यार्थी इसमें रुचि भी ले रहे, लेकिन पर्याप्त खेल शिक्षकों की कमी के चलते खेल का तकनीकी ज्ञान व नवाचार सीखने से वंचित हैं। गतवर्ष माध्यमिक शिक्षा परिषद ने खेल शिक्षकों की संविदा भर्ती की अनुमति मांगी थी, लेकिन अनुमति न मिलने के कारण संविदा भर्ती अबतक नहीं हो सकी और समस्या बनी हुई है। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि माध्यमिक स्कूलों में खेल शिक्षकों की कमी है। इसके लिए कई बार परिषद को पत्र भेजा गया। पिछले वर्ष संविदा भर्ती का प्रस्ताव भेजा गया था न मिलने के कारण संविदा भर्ती भी नहीं हो सकी है।