- नगरीय क्षेत्र हो या ग्रामीण क्षेत्र सभी जगहों पर विधि-विधान से पूजन के बाद खोला गया प्रतिमाओं का पट
संवाद न्यूज़ एजेंसी
महराजगंज। शारदीय नवरात्रि के सप्तमी के अवसर पर शनिवार को नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में दुर्गा प्रतिमा के पट खोले गए। आयोजन समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों ने पहले प्रतिमा स्थल पर विधि-विधान से पूजन किया। इसके बाद पट को खोला गया। पट खुलते ही प्रेम से बोलो भईया, जय दुर्गा मैया के नारे से पंडाल गूंज उठा।
नगर के दुर्गा मंदिर परिसर, हनुमानगढ़ी चौराहे, वीर बहादुर नगर, चौक रोड, मऊपाकड़ बाजार स्थल, अमरूतियां, महुअवा, धनेवा आदि जगदों पर पूजा व पंडाल समितियों के अध्यक्षों व सदस्यों ने देर शाम पूरी श्रद्धा के साथ पूजन-अर्चन किया। इसके बाद समिति के अध्यक्षों अथवा अतिथियों ने मां दुर्गा के प्रतिमा पट खोला। पट खुलते ही पांडाल में दुर्गा माता की जय, शेरों वाली माता की जय के जयकारे लगने लगे। कुछ स्थलों पर समिति के पदाधिकारियों ने उपस्थित लोगों को प्रसाद भी वितरित किया।
इसके बाद श्रद्धालुओं ने भी जगह-जगह पहुंचकर मां दुर्गा की प्रतिमा के दर्शन किए। प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि नगर में दर्जन भर स्थलों पर दुर्गा प्रतिमा के पट शांतिपूर्ण ढंग से खोले गए। कहीं किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति की सूचना नहीं है। इसके साथ ही नगर पालिका नौतनवां, नगर पंचायत फरेंदा, पनियरा, परतावल, घुघली, निचलौल, बृजमनगंज, चौक व सोनौली में स्थापित प्रतिमाओं का भी देर शाम तक विधि-विधान से पट खोला गया। धानी, मिठौरा, लक्ष्मीपुर, मुजुरी, श्यामदेउरवां, भिटौली, कोठीभार, बरगदवा आदि स्थानों पर भी प्रतिमा के पट खुले तो जयकारे से पंडाल गूंज उठे।
सिसवा में पट खुलते ही दुर्गा पूजा महोत्सव का हुआ शुभारंभ
सिसवा बाजार। नगर पालिका सिसवा में स्थापित 28 दुर्गा प्रतिमाओं का शनिवार को पट खोला गया। इसके साथ ही पांच दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव का शुभारंभ हो गया। श्रद्धालुओं की भीड़ ने पंडालों में पहुंचकर मां के विविध स्वरूप का दर्शन किया। महोत्सव का समापन बृहस्पतिवार को मूर्ति विसर्जन के साथ होगा।
नवरात्रि के सप्तमी पर श्रीराम जानकी मंदिर, श्री बाल दुर्गा पूजा सेवा समिति दूरभाष केंद्र और लोकायन दुर्गा पूजा सेवा समिति सहित नगर मे स्थापित 28 समितियों में पूजा-पाठ व महाआरती के बीच माँ अम्बे की आंख पर लगी पट्टी को खोला गया। इस बीच पंडाल ‘दुर्गा माता की जय’ और शेरों वाली माता की जय के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। पांच दिनों तक लगातार पूजा पाठ, हवन व भंडारे के उपरांत 26 अक्तूबर को भव्य शोभायात्रा के साथ सभी प्रतिमाओं को विसर्जित किया जाएगा। पर्व को बेहतर ढंग से संपन्न कराने के लिए उप जिराधिकारी सत्यप्रकाश मिश्रा, पुलिस उपाधीक्षक अनिरुद्ध कुमार, प्रभारी निरीक्षक सुनील राय,चौकी प्रभारी राजेन्द्र सिंह समेत दो प्लाटून पीएसी व प्रत्येक समितियों को जिम्मेदारी दी गई है। गली व चौराहे पर नजर रखने के लिए सीसी टीवी कैमरे भी क्रियाशील हैं।