महराजगंज। नगर के एक मैरिज हाल में मंगलवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन एकता दिवस के रूप में धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल, विशिष्ट अतिथि विधान परिषद के पूर्व सभापति गणेश शंकर पांडेय और अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव रहे।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए केक काटकर और एक-दूसरे को खिलाकर खुशी का इजहार किया। जिला अस्पताल में मरीजों के बीच फल वितरण का भी आयोजन किया गया।
पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल ने कहा कि अखिलेश यादव का जन्मदिन समाजवादी कार्यकर्ताओं के लिए एक संकल्प का दिन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने तक चैन से न बैठें।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ही देश में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के सर्वमान्य नेता हैं। वहीं, विधान परिषद के पूर्व सभापति गणेश शंकर पांडेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश के दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और आधी आबादी अखिलेश यादव की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है। जिला महासचिव समसुद्दीन अली, बाबा वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रावण पटेल, महिला सभा की जिलाध्यक्ष सत्यभामा सिंह, निर्मेष मंगल, सुमन ओझा और जिला उपाध्यक्ष प्रणव गौतम ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव सतीश यादव, बैजू यादव, विधानसभा अध्यक्ष अर्जुन यादव, कैलाश प्रजापति, विक्रम यादव, अरविंद यादव, शत्रुधन कन्नौजिया, कैलाश विश्वकर्मा, यगदत्त पासवान, राकेश सिंह रिंकू, प्रमोद शर्मा, नदीम अहमद, राधेश्याम यादव मौजूद रहे।