महराजगंज। पुलिस अधीक्षक जनपद महराजगंज सोमेंद्र मीणा ने कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने व पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार के लिए सोमवार को घुघली थाने का आकस्मिक निरीक्षण किया। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने पुरंदरपुर थाने का वार्षिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, अभिलेखों के रख-रखाव, शस्त्रागार, सीसीटीवी व्यवस्था, महिला हेल्प डेस्क, आगंतुक रजिस्टर एवं साफ-सफाई की स्थिति का गहन निरीक्षण किया। साथ ही लंबित विवेचनाओं, वांछित/वारंटी अभियुक्तों की स्थिति तथा जनशिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उधर अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज सिद्धार्थ ने पुरन्दरपुर थाने का वार्षिक निरीक्षण किया और अपराध नियंत्रण, जनता की सेवा और थाने की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुरंदरपुर थाने के शस्त्रागार, थाना कार्यालय एवं सभी महत्वपूर्ण अभिलेख, मालखाना, हवालात, पुलिसकर्मियों की मेस और बैरक का निरीक्षण किया।ं