थाना समाधान दिवस में मिलीं शिकायतें 75, निपटाई 14
महराजगंज। जिले के थानों में आयोजित थाना समाधान दिवस में कुल 75 जन शिकायतें मिलीं, जिसमें से 14 मामलों को मौके पर ही निपटाया गया। डीएम और एसपी ने घुघली और कोठीभार थाने में परियादियों की समस्या सुनीं और जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण के निर्देश दिया।
डीएम अमरनाथ उपाध्याय ने निर्देश दिया कि समाधान दिवस पर आने वाले प्रार्थना पत्र और उच्चाधिकारियों के यहां से प्राप्त प्रार्थना पत्रों की प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद सें संबंधित मामले का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाय। एसपी रोहित सिंह सजवान ने निर्देश दिया कि मामले को भूमि विवाद रजिस्टर एवं समाधान दिवस रजिस्टर में दर्ज करते हुए उन मामलों का त्वरित निस्तारण करें। एसपी ने बताया कि जिले के थानों में समाधान दिवस के दौरान कुल 75 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें 14 मामलों को मौके पर निपटा दिया गया। अन्य शिकायतों के निस्तारण के लिए राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम को निर्देश दिया गया है।