1300 बालिकाओं को शासन स्तर से सहूलियत
सर्दियों में नहाने के लिए उपलब्ध होगा गर्म पानी
महराजगंज। नए शैक्षणिक सत्र से कस्तूरबा की 1300 बालिकाएं सोलर गीजर की सुविधा प्राप्त करेंगी। शासन ने चरणबद्ध तरीके से सभी कस्तूरबा स्कूलों में इसके प्रबंध करने के लिए विभाग को निर्देश दिया है।
जिले में 13 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित हैं। अध्ययनरत छात्राओं को अब सोलर गीजर की सुविधा दी जाएगी। सर्दी में छात्राओं को नहाने और कपड़े धोने में कोई परेशानी नहीं होगी। बीएसए ने बताया इस बार सभी कस्तूरबा उच्चीकृत होकर इंटरमीडिएट तक संचालित होंगे। ऐसे में जरूरी सुविधा संसाधन बढ़ाए जा रहे हैं। आवासीय बालिका विद्यालयों में दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राएं रहकर शिक्षा ग्रहण करती हैं। इन विद्यालयों में छात्राओं के रहने, खाने और पढ़ाई की व्यवस्था सरकार की ओर से की जाती है। सर्दियों के मौसम में गर्म पानी की व्यवस्था न होने के कारण छात्राओं को कई बार परेशानी का सामना करना पड़ता। सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से सोलर गीजर लगाए जाएंगे। इसके लिए सभी वार्डन को शीघ्र पत्र जारी किया जाएगा।
वर्जन
सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में नए शिक्षा सत्र 2026-27 से सोलर गीजर की सुविधा दी जानी है। चरणबद्ध तरीके से इसे सर्दी से पहले लगवाया जाएगा।
-रिद्धि पांडेय, बीएसए, महराजगंज