एक लाख छीने, फिर पीड़िता के सामने ही आधे-आधे बांट लिए
कस्बे के विष्णु मंदिर तिराहे की घटना, बैंक से पैसा निकालकर घर जा रही थी महिला
फरेंदा। कस्बे के विष्णु मंदिर तिराहे से बुधवार को दिन में करीब तीन बजे बैंक से पैसा निकालकर घर जा रही महिला से दो उच्चकों ने एक लाख रुपये छीने और उसके सामने ही रुपये आधे-आधे आपस में बांटकर फरार हो गए। घटना की सूचना पीड़ित ने पुलिस को दे दी है।
फरेंदा थाना क्षेत्र के सोहरवलिया कला निवासी साजिदा खातून अपने पुत्र के साथ फरेंदा कस्बे पहुंची । पीड़ित ने बताया कि उसने भारतीय स्टेट बैंक से 50 हजार व पंजाब नेशनल बैंक से 50 हजार रुपये निकाले। जिसको पर्स में रखकर बच्चे के साथ घर जाने के लिए निकली। विष्णु मंदिर तिराहे पर पहुंची थी कि दो युवक सामने आ गए। जिसमें एक युवक ने बच्चे को पकड़ लिया। दूसरे युवक ने पर्स छीनकर उसमें रखे एक लाख रुपये निकाल लिए। मौके पर ही उच्चकों ने पैसा आधा आधा बांट लिया और फरार हो गए। इसके बाद महिला ने शोर मचाया तो भीड़ एकत्र हो गई। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि उच्चकों द्वारा पैसा लेने की घटना गलत है। महिला का पैसा कहीं गिर गया है। मामले की जांच की जा रही है।