नौतनवा। थाना क्षेत्र के गांव पैसिया बाबू में शनिवार को कुछ तस्करों ने एक युवक की पिटाई कर दी। पुलिस कुछ लोगों को थाने लाकर पूछताछ कर रही है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। नौतनवा थाना क्षेत्र के गांव पैसिया बाबू टोला बैरिहवा निवासी विशाल अग्रहरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार को रात करीब आठ बजे गांव में नेपाल तस्करी के लिए ले जाया जा रहा चावल पुलिस ने पकड़ लिया था। सुबह गांव के ही एक युवक को कुछ तस्कर पिटाई कर रहे थे, जिसकी सूचना उसने पुलिस को दे दी। इसके बाद वह पैसिया बाबू चौराहे के पास स्थित अपनी दुकान पर चला गया था। आरोप है कि तभी कुछ तस्कर उसकी दुकान में घुस गए और लाठी-डंडा और लोहे की रॉड से मारपीट कर घायल कर दिया। इसके बाद दुकान में तोड़फोड़ करते हुए कैश काउंटर में रखी नकदी समेत अन्य सामान उठा ले गए। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि तहरीर मिली है। पूछताछ के लिए कुछ लोगों को थाने लाया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद