भिटौली। चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर शिकारपुर परिक्षेत्र स्थित राम जानकी मंदिर में भजन-कीर्तन, मांगलिक गीत, सोहर गीत एवं भंडारा आयोजित हुआ। क्षेत्र के अजमतपुरकुटी, भिसवा, इमिलिया, दरौली, लक्ष्मीपुर शिवाला, हरखपुरा, बेलवा टीकर, गोपाला आदि मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर अजमतपुर कुटी पर महंत उदित दास व समाजसेवी अशोक कुमार जायसवाल, भिसवा कुटी पर महंत रामकेवल दास सहित रामराज, मातीवर, इंद्रजीत व नंदलाल तथा बेलवा टीकर में महंत अत्रिमुनि दास मौजूद रहे। संवाद
भंडारे के साथ श्री श्री शतचंडी महायज्ञ हुआ संपन्न
बागापार। सदर ब्लाॅक के ग्राम सभा बागापार टोला बरईठवा में स्थित दुर्गा मंदिर में चैत्र नवरात्रि के उपलक्ष्य में आयोजित श्री श्री शतचंडी महायज्ञ बुधवार को पूर्णाहुति व भंडारे के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में मां दुर्गा के दर्शन के लिए आए भक्तों ने महायज्ञ में पूर्णाहुति में हिस्सा लिया। समिति के लोग यज्ञ के भंडारे के लिए तैयार भोजन का प्रसाद लेकर मां दुर्गा एवं हनुमान जी को भंडारे के प्रसाद का भोग लगाया। ग्राम प्रधान विवेक प्रताप सिंह ने कहा कि यज्ञ से सामाजिक समरसता और भाईचारा कायम रहता है। इस दौरान रामाज्ञा वर्मा, हरिराम वर्मा, सोनू वर्मा, सीरी वर्मा, जगरनाथ वर्मा, रामबचन यादव आदि मौजूद रहे। संवाद