श्रद्धालुओं ने नवमी पर मां के नौवें स्वरूप सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की
मंदिरों में सुबह से शाम तक लगा रहा तांता
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन और कन्या पूजन के साथ सोमवार को शारदीय नवरात्र संपन्न हो गया। अंतिम दिन जगत-जननी के सिद्धिदात्री स्वरूप की उपासना की गई। श्रद्धालुओं ने मंदिरों एवं घरों में हवन किए और कुंवारी कन्याओं को भोजन कराकर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा लोक कल्याण की कामना की। देवी के नौ दिवसीय पर्व शारदीय नवरात्र की शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में धूम रही। मंदिरों में सुबह से शाम तक तांता लगा रहा।
जानकारी के अनुसार, सिसवा बाजार, निचलौल, फरेंदा, घुघली, नौतनवा, ठूठीबारी, सोनौली, परतावल, पनियरा, बृजमनंगज, कोल्हुई, सिंदुरिया, चौक, बागापार, धानी, रानीपुर, समरधीरा, अड्डा बाजार, बरगदवा आदि क्षेत्रों में स्थापित पूजा पंडालों में उमड़ी भीड़ से पूरे दिन मेले जैसा नजारा बना रहा। मां भगवती की साधना का पर्व नवरात्र नवमी के साथ ही संपन्न हो गया। श्रद्धालुओं ने नवमी पर मां के नौवें स्वरूप सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की।
वहीं नवमी पर भी घर-घर कन्याओं को पूजन कर उपहार व दक्षिणा भेंट की गई। सोमवार को नवरात्र का अंतिम दिन होने के चलते शहर के दुर्गा मंदिर, लेहड़ा मंदिर, बनैलिया मंदिर में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही। नवमी के चलते घर-घर कन्या भी पूजी गई। घर में कन्याओं का अभिनंदन कर पूजा-अर्चना की गई। कन्याओं का तिलक कर भोजन ग्रहण करवाने के बाद चुनरी व वस्त्र भेंट किए।