बिराटिया इंटर कॉलेज, सिसवा अमहवा में आयोजित हुआ कार्यक्रम
महराजगंज। शहीद दिवस पर सोमवार को बिराटिया इंटर कॉलेज, सिसवा अमहवा में आयोजित एक कार्यक्रम में शहीद-ए-आजम भगत सिंह को याद किया गया। इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय संबोधन में साहित्यिक संस्था स्पंदन के संयोजक संतोष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि समाज को विभिन्न तरह के शोषण से बचाने की आवश्यकता है। इसके लिए हर तरह के प्रयत्न किए जाने चाहिए।
कार्यक्रम की शुरुआत आलोक रंजन की टीम ने भगत सिंह के पसंदीदा गीत ''मेरा रंग दे बसंती चोला'' गाकर किया। कार्यक्रम के प्रथम चरण में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हाथ से बनाया गया भगत सिंह का चित्र प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दूसरे चरण में कवि सम्मेलन का शुभारंभ सुधीर शर्मा ने गीत गाकर किया प्रदीप ने मिट्टी की खुशबू में देश की पहचान..., रामउजागर यादव ने स्त्रियों पर इज्जत का दारोमदार है, पुरुष तो जन्म से ही इज्जतदार... पढ़कर सामाजिक विसंगतियों पर करारा व्यंग्य किया।
डॉ. शशि वर्मा ने पढ़ लिख के हो जा तू चालाक बबुआ..., एस कुमार ने वक्त से पहले इन्हें हर चीज चाहिए... और संतोष कुमार श्रीवास्तव ने जब व्यवस्था में दीमक लगे लागेला, वीर भगत सिंह नीयर केहू उगि जाला... रचना को सुनकर सभी वाहवाह कर उठे। इसके अलावा श्याम सुंदर गुप्ता, हृदेश्वर, राहुल, आशुतोष राणा, आकाश कुमार, विजयनाथ, अनीता पटेल जनार्दन ने भी काव्य पाठ किया। कार्यक्रम के संयोजक प्राचार्य मनोज सिंह एवं उप प्राचार्य हरिकेश कुमार पांडेय ने सभी कवियों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन उमेश साहनी ने किया।