भिटौली (महराजगंज)। क्षेत्र के सात युवकों को विदेश भेजने के नाम पर दो व्यक्तियों ने 6.40 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ितों की शिकायत पर सोमवार को पुलिस ने पचरुखिया रोड, धरमपुर चौराहा निवासी एजेंट धर्मेंद्र तिवारी और लखनऊ के इंदिरानगर निवासी पवन कुमार त्रिपाठी पर केस दर्ज कर लिया।
क्षेत्र के धरमपुर निवासी चंद्रशेखर आजाद, दिलीप मद्धेशिया, विनय जायसवाल, परसिया निवासी संतोष मद्धेशिया, गौनरिया निवासी जगदीश व देउरवा निवासी बीरबहादुर एवं घुघुली थाना क्षेत्र के हरपुर महंथ निवासी रामअनुज कुशवाहा ने शिकायती पत्र थानेदार को सौंपा। शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि भिटौली थाना क्षेत्र के ही पचरुखिया रोड, धरमपुर चौराहा निवासी धर्मेंद्र तिवारी छह माह पूर्व मार्च महीने में मिला। उसने बताया कि लखनऊ में परिचित एजेंट हैं, जो विदेश भेजने का काम करते हैं।
इसके बाद धर्मेंद्र तिवारी सात युवाओं को लखनऊ ले गया। वहां इंदिरानगर निवासी दूसरे एजेंट पवन कुमार त्रिपाठी से मुलाकात करवाई। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि फर्जी वीजा दिखाकर दोनों ने मार्च में ही लखनऊ में मेडिकल कराया और कहा कि एक एक लाख रुपये सभी लोग इंतजाम कर लीजिए। जिस दिन आप लोग पैसा दे देंगे उसके 15 दिन के अंदर विदेश भेज दिया जाएगा। सातों युवाओं ने पैसे का इंतजाम करके 19 अप्रैल से इक्कीस अप्रैल के बीच में लखनऊ के पवन कुमार त्रिपाठी के खाते में छह लाख 30 हजार रुपये भेज दिए।
जबकि धर्मेंद्र ने एक शिकायतकर्ता से सत्तर हजार रुपये लेकर दूसरे के खाते में भेजा। पैसा देने के बाद भी जब दोनों एजेंटो ने 15 दिन में विदेश नहीं भिजवाया तो संदेह होने लगा। शिकायतकर्ताओं ने आगे लिखा है की छह माह बीत जाने के बाद भी दोनों एजेंटों ने न तो विदेश भेजा और न ही रुपये वापस किए। बड़ी मुश्किल से किसी तरह 60 हजार रुपये वापस मिला। थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों एजेंट धर्मेंद्र तिवारी और पवन कुमार त्रिपाठी पर केस दर्ज कर लिया गया है। संवाद