निचलौल। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के निचलौल रेंज अंतर्गत हर्रेहडीह वार्ड स्थित एक आरा मशीन पर शुक्रवार को डीएफओ ने निरीक्षण किया। इस दौरान वन विभाग की टीम ने मौके से बिना वैध अनुमति और ट्रांजिट पास के रखी गई सात बोटा साखू की लकड़ी बरामद की। बरामद लकड़ी को जब्त कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, देर शाम प्रभागीय वनाधिकारी निरंजन सुर्वे मौके पर पहुंचे और आरा मशीन परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में रखी अन्य लकड़ियों के परमिट, ट्रांजिट पास तथा संबंधित अभिलेखों की भी जांच कराई। जांच के दौरान पता चला कि ग्रामीण क्षेत्र के ग्रामसभा बेलवा निवासी संतराज अपने खेत में लगे साखू के पेड़ को बिना आवश्यक अनुमति कटवाकर चिरान के लिए आरा मशीन पर लेकर आया था। वन विभाग ने प्रथम दृष्टया सात बोटा साखू की लकड़ी को अवैध मानते हुए जब्त कर लिया है। प्रभागीय वनाधिकारी निरंजन सुर्वे ने बताया कि यदि जांच में अन्य लकड़ियां भी अवैध पाई जाती हैं तो संबंधित के विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।