महराजगंज। सर्वर कभी डाउन हो जा रहा है तो कभी बंद हो जा रहा है। इससे ई-केवाईसी नहीं हो पा रही है। ऐसे में पेंशन, किसान सम्मान निधि समेत अन्य योजना का लोगों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। वृद्धावस्था पेंशन पोर्टल में तकनीकी दिक्कतों के चलते बंद हो गया है। ऐसे में कई लाभार्थी पेंशन से वंचित हो गए हैं। पेंशन संबंधी जानकारी लेने के लिए वह कार्यालय के साथ जनसेवा केंद्रों का चक्कर लगा रहे हैं। करीब दो हजार लाभार्थियों की पेंशन ई-केवाईसी व एनपीसीआई न होने की वजह से अटकी है।
समाज कल्याण विभाग की ओर से जिले के 1,00 835 लाभार्थियों को पेंशन से लाभान्वित किया जा रहा है। शासन की ओर से इन लाभार्थियों को आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से पेंशन देने के लिए ई-केवाईसी कराई गई थी, जिससे आधार से लिंक खातों में सीधे धनराशि हस्तांतरित हो सके। इसके बाद शासन ने पेंशन लाभार्थियों को बैंक के माध्यम से एनसीपीआई कराने के निर्देश दिए। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) के दौरान बायोमेट्रिक से खाते का सत्यापन व अन्य प्रकिया को पूरा कराया गया। जिन आधार कार्ड में मोबाइल नंबर नहीं थे, उनमें मोबाइल नंबर अपडेट कराने के निर्देश जारी किए गए। इस प्रकिया के चलते वर्तमान में करीब दो हजार लाभार्थियों की पेंशन अटकी है। सोमवार को शहर के सहज सेवा केंद्रों पर लोग बैठे रहे। साइट नहीं चलने के कारण केंद्र संचालक परेशान रहे। तमाम लोग तो दोपहर बाद घर चले गए।