- उद्यम विभाग की ओर से महोत्सव में लगाए गए थे 21 स्टाल, दरी व कालीन की खरीदारी को प्राथमिकता
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। उद्यम विभाग की ओर से तीन दिवसीय महोत्सव में लगाए गए एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) से जुड़ी सामग्रियों के स्टाल के माध्यम से व्यापारियों ने कुल लगभग सात लाख रुपये का माल बेचा है। दरी व कालीन के स्टाल पर सर्वाधिक बिक्री हुई है।
ओडीओपी के तहत महोत्सव में लगाए गए स्टाल में जिले के साथ अन्य 15 जिलों के व्यापारियों ने अपने उत्पादों के साथ हिस्सा लिया था। सोमवार की रात तक चले महोत्सव में आए दर्शकों, महिलाओं, युवाओं व बच्चों ने अपने व घर के पसंद के मुताबिक लगभग सात लाख रुपये की सामग्री खरीदी है। इससे जहां स्टाल लगाने वालों का जिले में आना सफल हो गया, वहीं महोत्सव की महत्ता भी बनी रही। सीतापुर की दरी, भदोही की कालीन, वाराणसी की साड़ी, देवरिया के सजावटी सामान, लखनऊ के चिकन वस्त्र, गोरखपुर के टेराकोटा तथा बुलंदशहर का खुर्जा पोटरी की बिक्री अधिक हुई।
--------------------------------
एक जनपद एक उत्पाद कार्यक्रम के स्टाल के माध्यम से व्यापारियों ने लगभग सात लाख रुपये मूल्य की सामग्री बेची है। भविष्य में भी ऐसे आयोजन होते रहेंगे।
अभिषेक प्रियदर्शी, उपायुक्त उद्यम