- जिले में 144 अमृत सरोवरों पर बनाया गया था सेल्फी प्वाइंट
- अधिकतर सरोवरों का हाल बदहाल, कोरम पूरा कर चले गए अधिकारी, कर्मचारी
महराजगंज। शनिवार को विश्व पृथ्वी दिवस पर सेल्फी विद अमृत सरोवर का कार्यक्रम आयोजित किया गया। शासन के निर्देश पर अधिकारी और कर्मचारी ग्राम पंचायतों में अमृत सरोवरों पर सेल्फी लेने पहुंचे, लेकिन वह कोरम पूरा कर चले गए। कहीं बांस-बल्ली के सहारे सेल्फी प्वाइंट बनाया गया था, तो कहीं बैनर को पकड़कर लोग फोटो लेते नजर आएं।
जिले के अधिकतर अमृत सरोवर बदहाल दिखें। कहीं घास-फूंस उगे थे तो कहीं पर पर्याप्त पानी नहीं था। कुछ स्थानों पर सरोवर में पानी सूख गए थे। ईद पर्व के साथ होने वाले इस आयोजन को ग्राम पंचायत के प्रधानों व सचिवों ने बहुत गंभीरता से नहीं लिया एवं जैसे-तैसे कार्यक्रम को कराते हुए अपनी जिम्मेदारियों से मुक्ति पा लिया।
स्थल एक
नौतनवां क्षेत्र के ग्राम हरपुर में बने सरोवर के सेल्फी प्वाइंट पर दिखा। यहां पर प्रधान गोपी गौड़ कुछ ग्रामीणों के साथ पहुंचे। कुछ ग्रामीणों को खड़ा कर वहां पर सेल्फी प्वाइंट बनाया व औपचारिकता पूरी की। सरोवर मेें पानी तो नजर आया, लेकिन सफाई की स्थिति ठीक नहीं मिली। दस मिनट बाद सभी वहां से अपने घर के लिए रवाना हो गए।
स्थल दो
मिठौरा ब्लॉक के मिश्रौलिया में भी प्रधान नागेंद्र व सचिव शेषमणि पटेल की देखरेख सेल्फी प्वाइंट बनाते हुए फोटो तो खिंचाई गई, मगर सरोवर में पानी ही नहीं था। सफाई की स्थिति भी बदहाल दिखी।
स्थल तीन
बृजमनंगज ब्लॉक के ग्राम धरैचा में हाथ से बैनर पकड़कर फोटो खिंचाया गया व उसके बाद वहां मौजूद सभी लोग घर के लिए रवाना हो गए। सरोवर में जल तो था, मगर यहां पर भी सफाई का अभाव नजर आया। बैनर भी मानक के अनुरूप नहीं था व शपथ भी नहीं दिलाया गया।
जिले में 144 स्थलों पर सेल्फी विद अमृत सरोवर कार्यक्रम कराया गया है। जिले में कार्यक्रम को भव्य तरीके से कराने को प्राथमिकता दी गई। अगर कहीं कोई शिथिलता की गई होगी तो जवाबदेही तय की जाएगी।
- रामदरश चौधरी, परियोजना निदेशक