ज्ञानवापी मामले में फैसले के बाद सुरक्षा कर्मी सतर्क
जिला मुख्यालय से लेकर भारत-नेपाल सीमा तक पुलिस गश्त तेज
महराजगंज। ज्ञानवापी मामले में फैसले के बाद जिले में पुलिस सतर्क रही। सभी संवेदनशील स्थलों पर गश्त तेज कर दी गई। जिला मुख्यालय से लेकर भारत नेपाल सीमा तक पुलिस की नजर प्रत्येक हलचल पर बनी रही। सीमा पर सोनौली, ठूठीबारी, झुलनीपुर में नेपाल से आने जाने वाले लोगों की सघन तलाशी के बाद ही उन्हें भारत में प्रवेश करने दिया गया।
महराजगंज शहर में पुलिस सभी प्रमुख स्थानों पर भ्रमण करती रही। नौतनवां पुलिस क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार राय ने पुलिस बल के साथ कस्बे में रूट मार्च किया। सिसवा कस्बे में अतिसंवेदनशील स्थानों व नगर के विभिन्न चौराहों पर पुलिस सतर्क रही। कस्बे के गोपाल नगर, मिसकारी मौहल्ला, हास्पिटल रोड, हनुमान मंदिर सहित अन्य जगहों पर पुलिस ने भ्रमण कर लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। इस दौरान कोठीभार थानाध्यक्ष मनोज राय, चौकी प्रभारी नीरज राय, प्रमोद खरवार, अमरेज आदि मौजूद रहे।
अपर पुलिस अधीक्षक आतिश सिंह ने बताया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क रही। ज्ञानवापी फैसले को देखते हुए जिले में पुलिस भ्रमण कर लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा शांति एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
ज्ञानवापी मामले में फैसले से भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी
नौतनवां। वाराणसी के ज्ञानवापी मंदिर मस्जिद विवाद में कोर्ट द्वारा किए गए फैसले को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। नौतनवां में भाजपा के वरिष्ठ नेता जितेंद्र जायसवाल ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। इस मौके पर राजन वर्मा, रोहित वर्मा ,चेतन चौहान, संतोष जयसवाल, प्रेमचंद अग्रहरि, राज सोनी आदि लोग मौजूद रहे।